पुणे में गुरुवार देर रात बड़ा हादसा हो गया है। यहां एक मॉल के निर्माण के दौरान लोहे का स्लैब गिरने से 5 मजदूरों की मौत हो गई। 2 गंभीर रूप से घायल हैं। पहले 7 लोगों की मौत की खबर दी गई थी। कुछ अन्य भी घायल हुए हैं, जिन्हें पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस हादसे पर दुख जाहिर किया है। उन्होंने ट्वीट कर मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जाहिर की है।
हादसा येरवडा इलाके में शास्त्री वाडिया बंगले के पास हुआ। यहां एक मॉल बनाया जा रहा था। इसके बेसमेंट में लोहे का स्लैब ढह गया। पुणे के डीसीपी रोहिदास पवार ने बताया कि निर्माण के दौरान जो सावधानियां बरतनी चाहिए थीं, शायद वह नहीं बरती गईं।
ट्रैफिक पुलिस कमिश्नर राहुल श्रीराम ने बताया कि इमारत में देर रात तक काम चल रहा था, तभी अचानक लोहे का भारी भरकम स्लैब गिर गया। जिस वक्त हादसा हुआ, वहां 10 मजदूर काम कर रहे थे। मरने वाले अधिकांश मजदूर बिहार के बताए जा रहे हैं।
वहीं महाराष्ट्र में पिछले महीने 26 जनवरी को मुंबई के बांद्रा में एक बहुमंजिला इमारत गिर गई थी। जिसमें दबने से 7 लोगों की मौत हो गई थी।