Breaking News

हिमाचल में भारी बारिश ने मचाई तबाही, चंबा समेत कई जिलों में हाहाकार, बदल फटने से 11 की मौत, 20 लापता

http://www.pioneerhindi.com/storage/article/dXnwwmzzkBLtyTqhOUuwuE6Ad1042oytJUabpZf1.jpg

हिमाचल में भारी बारिश ने तबाही मचाई है। मंडी और चंबा जिले सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। पिछले 24 घंटों में चंबा के भटियात में तीन, मंडी में एक और कांगड़ा के शाहपुर में मकान गिरने से 9 साल की बच्ची की मौत हो गई। चंबा और मंडी जिले में 15 से ज्यादा लोग लापता बताए जा रहे है। हमीरपुर में 10 से 12 घर नदी में डूब गए। इनमें फंसे 19 लोगों को रेस्क्यू किया गया। उधर, कांगड़ा में भारी बारिश से चक्की नदी में बना पंजाब और हिमाचल को जोड़ने वाला रेलवे पुल बह गया। हालांकि, इस पुल को एक हफ्ते पहले ही असुरक्षित घोषित कर दिया था और अगस्त के पहले हफ्ते में ही बंद कर दिया था। मंडी के गोहर में पहाड़ी धंसने से काशन पंचायत के जड़ोंन गांव में एक ही परिवार के आठ सदस्य इसकी चपेट में आ गए। पूरा परिवार आधी रात अपने घर पर सो रहा था। अचानक घर के पीछे का पहाड़ धंस गया। मौके पर बचाव कार्य जारी है।


मंडी के कटौला के बागी नाला में बाढ़ में एक गाड़ी और इसमें सवार छह लोग बह गए। 15 साल की लड़की का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। उधर, चंबा जिला में चुवाड़ी के बनेट गांव में भूस्खलन के बाद तीन लोग लापता हो गए। राज्य के कई क्षेत्र ऐसे हैं, जहां से अभी सूचना नहीं मिल पा रही है। इससे दोपहर तक जानमाल का नुकसान और बढ़ने का अनुमान है। स्थानीय मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 96 घंटे तक भारी बारिश का दौर जारी रहेगा। आज और कल भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। यह अलर्ट लाहौल स्पीति को छोड़ बाकी 11 जिलों को दिया गया है।



हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भारी बारिश ने तबाही मचा रखी है। अब तक हिमाचल में तीन बच्चों सहित 13 की मौत हो चुकी है। उत्तराखंड में चार लोगों ने जान गंवाई है। दोनों राज्यों के कई लोग लापता बताए जा रहे हैं। हर तरफ तबाही का मंजर दिखाई दे रहा है। उत्तराखंड में देहरादून के पास मालदेवता सरखेत, टिहरी और यमकेश्वर इलाके में बादल फटने से भारी तबाही मची है। हिमाचल प्रदेश में भी मंडी और चंबा जिले में बादल फटा है। बादल फटने से कई लोग दब गए हैं। एक बच्ची का शव मिला है जबकि 15 से 20 लोग बह गए हैं। कई गाड़ियां बह गई हैं। चंबा में भूस्खलन से मां बेटे सहित तीन से चार लोग मलबे के नीचे दब गए। जिससे तीन की मौत हो गई। कांगड़ा जिले में भारी बरसात होने के कारण रेलवे चक्की पुल रात को बह गया। वहीं, भारी बारिश को देखते हुए चंबा, मंडी के बाद कांगड़ा और कुल्लू जिले में भी स्कूल बंद कर दिए गए हैं। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने आज और कल दो दिन भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। यूपी में भी गंगा और यमुना नदी का जलस्तर भी बढ़ गया है। यूपी के कई शहरों बाढ़ के हालात पैदा हो गए हैं।







ताज़ा समाचार

Categories